| देश भर में & |
Posted by:
Patel Ranjit
Source: Ranjit Patel
27/01/2008 |
पिछले 48 घंटों के दौरान कड़कड़ाती ठंड के कारण गुजरात में तीन लोगों की मौत के साथ ही इस मौसम में ठंड से मरने वालों की संख्या 172 हो गई।
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर और आसपास के इलाकों में कल हिमपात हुआ जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्र में मौसम का पहला हिमपात हुआ जिससे देश के उत्तरी हिस्से में ठंड का प्रकोप जारी रहा और पंजाब में जालंधर के नजदीक आदमपुर में तापमान शून्य से नीचे चला गया।
गुजरात में पिछले कुछ दिनों से जारी शीतलहर के बीच आज साबरकांठा जिले के पेपोर गांव के किसान मोहनभाई प्रजापति (50) और अमीरगढ के हीराभाई भरथरी ठंड के शिकार बने। इसके अलावा धनेरा रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में एक 70 वर्षीय अज्ञात महिला मृत पाई गयी। गुजरात में ऐसी ठंड दस वर्षों में नहीं पड़ी थी।
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर और आसपास के इलाके में हल्की बर्फबारी हुई और वहां पेड पौधे, घरों की छतें तथा बिजली के पोल बर्फ की चादर से ढंक गए जिसके बाद रात का तापमान शून्य से नीचे 1.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास कल शाम साढे पांच बजे के मौसम का पहला हिमपात हुआ। राज्य के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने बताया कि शिमला और आसपास केक्षेत्र में छह सेंटीमीटर बर्फ पडी जबकि कुफरी में 10, फागू में 15 और मशोबरा में 20 सेमी बर्फ गिरी।
पंजाब में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। इस मौसम के दौरान एक बार फिर जालंधर के निकट आदमपुर में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के सूत्रो ने आज यहां बताया कि भारतीय वायु सेना के आदमपुर हवाई अड्डे पर न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में कल दिन भर चटख धूप निकली और तापमान में बढोत्तरी से लोगों को एक हफ्ते से पड़ रही हाड़ कंपा देने वाली कडाके की सर्दी से कुछ राहत मिली। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिसंख्य स्थानों पर करीब एक हफ्ते बाद सूरज बादलों की ओट से बाहर निकला और गलन भरी सर्दी की वजह से घरों में दुबके लोगों ने जमकर धूप का लुत्फ् उठाया। पिछले 48 घंटे के दौरान राज्य के इलाहाबाद, आगरा और मेरठ मंडलों में पारे में गिरावट दर्ज की गयी। इस दौरान बरेली इलाहाबाद, आगरा, मुरादाबाद, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में रात का तापमान में सामान्य से काफी कम रहा।
मध्यप्रदेश के लोगों को अभी और तीव्र शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार उत्तरी क्षेत्र से आ रही ठंडी बयारों की वजह से आगामी 12 घंटों के दौरान राज्य के इंदौर और उज्जैन संभागों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है। आज इंदौर में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। |